बुलढाणा , मई 25 -- महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में सोमवार को एक दुःखद घटना सामने आयी जब एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने चार नाबालिग बच्चों को कुएं में फेंककर मार डाला और फिर खुदकुशी कर ली।

पुलिस ने बताया कि यह घटना जलगांव जामोद तालुका के राजुरा गांव में हुई और माना जा रहा है कि इसकी वजह कोई घरेलू विवाद था।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान विजय मूसा किराडिया (35) के रूप में हुई है, जबकि बच्चों के नाम प्रीत (7), प्राची (5), पूर्वी (4) और पीयूष (2) थे।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम को विजय का अपनी पत्नी से किसी पारिवारिक मामले को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद वह इस्लामपुर गांव स्थित अपने मायके चली गयी थी।

इस झगड़े से परेशान होकर, विजय ने कथित तौर पर सोमवार सुबह यह खौफनाक कदम उठाया। पुलिस ने बताया कि विजय कथित तौर पर चारों बच्चों को भाले अंजन इलाके में स्थित एक खेत के कुएं के पास ले गया और उन्हें पानी में धकेल दिया। इसके बाद उसने कुएं के पास रस्सी से लटककर खुदकुशी करने की कोशिश की, लेकिन रस्सी टूट जाने के कारण वह कुएं में गिर गया और डूब गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित