बारामती , जून 20 -- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता और महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की 10 फीट ऊंची आदमकद कांस्य प्रतिमा 22 जुलाई को उनकी जयंती पर बारामती में स्थापित की जायेगी।

'नटराज नाट्य कला दलन' के अध्यक्ष किरण गूजर के अनुसार, इस प्रतिमा का अनावरण 'नटराज कला दीर्घा' में किया जायेगा। माना जा रहा है कि यह महाराष्ट्र में अजीत पवार की पहली आदमकद प्रतिमा होगी।

श्री गूजर ने बताया कि कांस्य प्रतिमा बनकर पूरी तरह तैयार है और इसे स्थापित किया जाना बाकी है। 22 जुलाई को एक भव्य समारोह की योजना बनायी गयी है, जिसमें प्रतिमा के अनावरण के साथ-साथ स्थानीय निवासियों के लिए कई सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किये जायेंगे।

इस परियोजना को लेकर बारामती में सियासी चर्चाएं भी तेज हो गयी थीं। विभिन्न विभागों से अनुमतियां मिल चुकी थीं, लेकिन आम जनता के बीच यह अटकलें थीं कि बारामती नगर परिषद ने स्थापना के लिए जरूरी अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी करने में देरी की। स्थानीय हलकों में हो रही चर्चाओं के अनुसार, श्रीमती सुनेत्रा पवार के हस्तक्षेप के बाद इसे मंजूरी मिली है।

रिपोर्टों के अनुसार, यह भी संकेत मिले हैं कि एनओसी जारी होने से पहले हो रही देरी के खिलाफ श्री किरण गूजर आंदोलन शुरू करने की तैयारी कर रहे थे।

कांस्य से बनी यह प्रतिमा 10 फीट ऊंची है। आयोजकों का कहना है कि अनावरण समारोह के जरिये इस क्षेत्र में अजीत पवार के योगदान का सम्मान किया जायेगा और इस दौरान जनहित से जुड़े कई कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित