मुंबई , अक्टूबर 06 -- महाराष्ट्र में हिंगोली जिले के एक आवासीय इलाके में सोमवार देर रात पटाखों के एक बड़े स्टॉक में भीषण आग लग जाने से दो लोगों की जलकर मौत हो गयी, जबकि 12 अन्य लोग घायल हो गये।

आग बहुत तेजी से फैली और उसकी चपेट में पांच घर आ गये। आग पर काबू पाने की कोशिश के दौरान नगर परिषद के तीन कर्मचारी भी झुलस गए। सभी घायलों को तुरंत चिकित्सीय सहायता दी गई, जिनमें से दो गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए नांदेड़ भेजा गया है।

आवासीय बस्ती में भारी मात्रा में पटाखे और विस्फोटक सामग्री संग्रहीत किए जाने की आशंका जताई जा रही है, जिससे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाने, अवैध रूप से जमा किए गए विस्फोटक पदार्थों को जब्त करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित