हिंगोली , अक्टूबर 29 -- महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के पालशी गांव में गुरूवार तड़के चोरी के एक आरोपी को पकड़ने गयी लातूर पुलिस की अपराध शाखा की टीम पर नौ लोगों के एक समूह ने हमला कर दिया। इस घटना में छह पुलिसकर्मी घायल हो गये।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना तड़के लगभग दो बजे हुई, जब सहायक पुलिस निरीक्षक पांडुरंग माने के नेतृत्व में एक टीम लातूर जिले में दर्ज चोरी के मामले में वांछित एक संदिग्ध को हिरासत में लेने गांव पहुंची थी।
पुलिस के अनुसार, जब आरोपियों को पता चला कि टीम संदिग्ध को गिरफ्तार करने आयी है, तो उन्होंने डंडों और लोहे की छड़ों से पुलिस टीम पर हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गये।
घटना की सूचना मिलते ही पास के हट्टा पुलिस स्टेशन के कर्मी मौके पर पहुंचे और घायल पुलिसकर्मियों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद लातूर पुलिस टीम अपने मुख्यालय लौट गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित