कोल्हापुर/सिंधुदुर्ग , अगस्त 02 -- मध्य रेलवे ने कोंकण रेलवे पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए आज मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) और सावंतवाड़ी के बीच एक नई एक्सप्रेस ट्रेन शुरू करने की घोषणा की।

मध्य रेलवे की ओर से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार यह ट्रेन मुंबई और ग्रेटर मुंबई के बीच नौकरीपेशा लोगों की यात्रा को आरामदायक बनाएगी और साथ ही कोंकण में पर्यटन को भी बढ़ावा देगी।

रेलवे के सूत्रों के मुताबिक इस ट्रेन को गणेशोत्सव के दौरान शुरू करने की कोशिश की जाएगी। सीएसएमटी , मुंबई और सावंतवाड़ी के बीच यह नई नियमित एक्सप्रेस ट्रेन 510 किलोमीटर के मार्ग पर प्रतिदिन चलेगी। सीएसएमटी से सावंतवाड़ी के लिए ट्रेन नंबर 15087 होगा और सावंतवाड़ी से सीएसएमटी वापसी के लिए ट्रेन नंबर 15088 होगा।

यह ट्रेन दोनों दिशाओं में दादर, ठाणे, पनवेल, पेन, रोहा, मानगांव, वीर, खेड़, चिपलूण, सावरदा, अरावली रोड, संगमेश्वर रोड, रत्नागिरी, अदावली, विलावडे, राजापुर रोड, वैभववाड़ी रोड, नंदगांव रोड, कणकवली, सिंधुदुर्ग, कुडाल और सावंतवाड़ी रोड स्टेशनों पर रुकेगी।

इसके अलावा रेलवे इस साल 246 गणपति स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। इनमें 184 आरक्षण विशेष और 62 अनारक्षित मेमू विशेष ट्रेनें होंगी। ये ट्रेनें सीएसएमटी , लोकमान्य तिलक टर्मिनस और पुणे से सावंतवाड़ी रोड, रत्नागिरी और मडगांव स्टेशनों के लिए चलेंगी। 98 विशेष ट्रेनें सीएसएमटी से, 76 एलटीटी से और 10 पुणे से चलेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित