मुंबई , सितंबर 16 -- महाराष्ट्र के ठाणे जिले में भिवंडी शहर के खांडूपाड़ा इलाके में एक बिल्डिंग परिसर में खड़े करीब 13-14 दोपहिया वाहन जलकर खाक हो गए हैं। अधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी है।

यह घटना सफिया स्कूल के पास हुई। आग की लपटें तेजी से पार्किंग एरिया में फैल गईं और वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके के लोगों में अफरातफरी मच गई। आग में दोपहिया वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए।

शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि असल कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।स्थानीय लोगों ने बिजली सप्लाई में लापरवाही का आरोप लगाया और घटना के बाद मौके पर पहुंची स्थानीय बिजली वितरण कंपनी 'टोरेंट पावर' के कर्मचारियों से बहस भी की।

सूचना मिलने पर भिवंडी-निजामपुर शहर नगर निगम की दमकल विभाग टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और इसे बिल्डिंग के अन्य हिस्सों में फैलने से रोका गया। स्थानीय पार्षद श्री महबूब शेख ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। शांति नगर पुलिस स्टेशन के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचे जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित