मुंबई , अक्टूबर 14 -- महाराष्ट्र में पालघर ज़िले के नालासोपारा में मंगलवार देर रात एक रिहायशी ऊंची इमारत में भीषण आग लगने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। अधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि मंगलवार रात करीब 11:30 बजे इंपीरियल हाइट्स में आग लग गई और यह आग इमारत की आठवीं से दसवीं मंज़िल तक फैल गई। अग्निशमन विभाग के कर्मचारी, पुलिस और वसई-विरार शहर नगर निगम के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।
नगर निगम आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी. ने बताया कि आपातकालीन टीमों ने 25 लोगों को बचा लिया और कई अन्य लोग खुद ही इमारत से बाहर निकलने में कामयाब रहे। उन्होंने कहा कि आग लगने के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित