मुंबई , सितंबर 30 -- महाराष्ट्र और तेलंगाना के बीच अंतरराज्यीय नवजात तस्करी रैकेट का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने एक महीने के मासूम बच्चे को हैदराबाद से सुरक्षित बरामद कर लिया है। माता-पिता द्वारा पहली बार 1.20 लाख रुपये में बेचे जाने के बाद बच्चे की कई बार बोली लगाई गई और खरीद-फरोख्त की गई। इस मामले में पुलिस ने बच्चे के माता-पिता समेत कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया है।

यह सनसनीखेज मामला छत्रपति संभाजीनगर के मुकुंदवाड़ी इलाके से सामने आया है। पुलिस जांच में सामने आया कि नवजात के माता-पिता ने सबसे पहले अपने बच्चे को सीमा रेशवाल नाम की एक बिचौलिया महिला को 1.20 लाख रुपये में सौंप दिया था। इसके बाद दंपति ने इस रकम से दो महंगे मोबाइल फोन और एक सोने की चेन खरीद ली। पुलिस जांच के तहत इन वस्तुओं को जब्त करने की कार्रवाई कर रही है।

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि पहली बिक्री के बाद बच्चे की कीमत हर सौदे के साथ बढ़ती चली गई। सीमा रेशवाल ने इस मासूम को पडेगांव निवासी संगीता आव्हाड को 2.70 लाख रुपये में बेच दिया। इसके बाद संगीता आव्हाड बच्चे को लेकर नांदेड़ पहुंची, जहां उसने फर्जी डॉक्टर बताए जा रहे सुरेश गुंटुका को 3.50 लाख रुपये में बच्चा सौंप दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित