जगदलपुर , सितंबर 17 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत यहां महारानी अस्पताल में आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदान किया और युवाओं से नियमित रक्तदान कर जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से शुरू सेवा संकल्प अभियान के तहत महारानी अस्पताल और शासकीय मेडिकल कॉलेज, डिमरापाल में वृहद रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। इनमें आम नागरिकों, सामाजिक संगठनों और युवाओं ने भाग लिया।
शर्मा ने रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त आपात स्थिति, गंभीर बीमारी और दुर्घटना में घायल व्यक्ति के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है। उन्होंने शिविर में सेवाएं दे रहे चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और स्वयंसेवकों के योगदान की भी सराहना की।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन से प्रेरणा लेकर सेवा संकल्प अभियान शुरू किया गया है और इसके तहत अगले एक महीने तक समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े सेवा कार्य किए जाएंगे। उन्होंने युवाओं से अभियान में भागीदारी करने और नियमित रक्तदान को प्रोत्साहित करने की अपील की।
इस दौरान शर्मा ने महारानी अस्पताल में एड्स के प्रति जागरूकता, बचाव और उपचार पर आधारित नाटक भी देखा। नाटक के माध्यम से बीमारी को लेकर समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने और समय पर उपचार कराने का संदेश दिया गया।
बाद में उप मुख्यमंत्री शर्मा और वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने महारानी अस्पताल परिसर में पौधरोपण किया। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण और पौधों की देखभाल की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित