जयपुर , जुलाई 10 -- राजस्थान में उदयपुर के आरएनटी मेडिकल कॉलेज से संबद्ध अस्पतालों में प्लेसमेंट एजेंसियों से संबंधित कथित अनियमितताओं के मामले में महाराणा भूपाल राजकीय चिकित्सालय उदयपुर के दो कार्मिकों को निलम्बित कर दिया गया है।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि राज्य सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लियाहै और प्रकरण की जांच के लिए गठित समिति की प्रथम दृष्टया रिपोर्ट में अनियमितता पाए जाने पर महाराणा भूपाल राजकीय चिकित्सालय उदयपुर के वरिष्ठ सहायक पंकज वैष्णव एवं कनिष्ठ सहायक जया सालवी को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया गया।

श्रीमती राठौड़ ने बताया कि दोनों कार्मिकों के विरुद्ध विभागीय नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई केवल प्रारंभिक जांच के आधार पर की गयी है। मामले की विस्तृत एवं निष्पक्ष जांच कराई जाएगी तथा प्लेसमेंट एजेंसियों से संबंधित सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जाएगी। जांच में यदि अन्य किसी अधिकारी, कर्मचारी अथवा एजेंसी की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित