अम्बाला , मई 09 -- हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल वीर योद्धा नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान के प्रतीक थे।

उन्होंने कहा कि जब महाराणा प्रताप चेतक पर सवार होकर मुगल सेना के बीच उतरते थे, तो ऐसा लगता था मानो साक्षात काल तांडव कर रहा हो। हल्दीघाटी में चेतक का मान सिंह के हाथी पर पैर रखना वीरता और स्वाभिमान का प्रतीक था।

श्री विज ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में घास की रोटी खाकर भी महाराणा प्रताप अपने संकल्प से नहीं डिगे और मातृभूमि के प्रति कर्तव्य निभाते रहे। उन्होंने कहा कि हल्दीघाटी में चेतक का नाला लांघना केवल एक घटना नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद की मिसाल थी। उन्होंने लोगों से भ्रष्टाचार, आलस्य और भेदभाव जैसी बुराइयों के खिलाफ संघर्ष करने और महाराणा प्रताप के विचारों को अपनाने का आह्वान किया।

सदर बाजार में महाराणा प्रताप की मूर्ति अनावरण कार्यक्रम में राजपूत समाज सहित बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। विभिन्न क्षेत्रों से आये लोगों ने ऊर्जा मंत्री का पगड़ी, शॉल, स्मृति चिह्न और तलवार भेंट कर सम्मान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित