अमृतसर , जून 21 -- महाराजा रणजीत सिंह की बरसी के अवसर पर पाकिस्तान में आयोजित होने वाले धार्मिक समागमों में भाग लेने के लिए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ( एसजीपीसी) की ओर से सिख श्रद्धालुओं का जत्था शनिवार को रवाना किया गया।
एसजीपीसी के मुख्य सचिव कुलवंत सिंह मन्नण, ओएसडी सतबीर सिंह और सचिव बलविंदर सिंह काहलवां और अन्य अधिकारियों ने जत्था प्रमुख खुशविंदर सिंह भाटिया, बीबी हरजिंदर कौर तथा उप सचिव एवं जनरल मैनेजर अजाददीप सिंह सहित श्रद्धालुओं को सिरोपाओ भेंट कर शुभकामनाओं के साथ रवाना किया।
इस अवसर पर मुख्य सचिव कुलवंत सिंह मन्नण ने बताया कि महाराजा रणजीत सिंह की बरसी के अवसर पर हर वर्ष श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन के लिए भेजा जाता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष एसजीपीसी ने 302 श्रद्धालुओं के पासपोर्ट वीजा के लिए पाकिस्तान दूतावास को भेजे थे, जिनमें से 290 श्रद्धालुओं को वीजा जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिबानों के दर्शन करने की सिख संगत में गहरी इच्छा रहती है। इसलिए दोनों देशों की सरकारों को श्रद्धालुओं के लिए उदारतापूर्वक वीजा जारी करने चाहिए, ताकि संगत अपने पवित्र धार्मिक स्थलों के दर्शन कर सके। उन्होंने सरकार से यह भी अपील की कि जिन श्रद्धालुओं को वीजा जारी किये गये हैं, उनसे संबंधित अनुमतियां और आवश्यक दस्तावेज समय पर सीमा चौकियों तक पहुंचाये जायें, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जत्था प्रमुख खुशविंदर सिंह भाटिया ने कहा कि उन्हें गुरु की कृपा से जत्थे की अगुवाई करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि बरसी समागमों में भाग लेने से पहले श्रद्धालु पाकिस्तान स्थित कई ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन करेंगे, जिनमें गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब, गुरुद्वारा सच्चा सौदा साहिब, गुरुद्वारा श्री पंजा साहिब, गुरुद्वारा दरबार साहिब करतारपुर, गुरुद्वारा रोड़ी साहिब और गुरुद्वारा डेरा साहिब शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 29 जून को महाराजा रणजीत सिंह की बरसी के मुख्य समागम में शामिल होने के बाद जत्था 30 जून को भारत वापस लौटेगा।
रवानगी समारोह में धर्म प्रचार समिति के सचिव गुरिंदर सिंह मथरेवाल, अतिरिक्त सचिव बिजय सिंह, उप सचिव बलविंदर सिंह खैराबाद, मनजीत सिंह तलवंडी, श्री दरबार साहिब के प्रबंधक मेजर सिंह, अधीक्षक निशान सिंह, मलकीत सिंह बहिड़वाल तथा यात्रा विभाग के प्रभारी जगजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित