चंडीगढ़ , अक्टूबर 27 -- हरियाणा के राजस्व एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन के आदर्श समानता, अहिंसा, सामाजिक एकता और परस्पर सहयोग का संदेश देते हैं। उनकी 'एक ईंट, एक रुपया' की परंपरा समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सहयोग देने और जरूरतमंदों को आत्मनिर्भर बनाने की प्रेरणा देती है। लगभग 5,000 वर्ष पूर्व स्थापित उनके सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं और आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे।

श्री विपुल गोयल मंगलवार को मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय में महाराजा अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित संगोष्ठी को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का विषय 'आधुनिक युग में महाराजा अग्रसेन का दर्शन- सामाजिक उत्तरदायित्व से स्टार्टअप और व्यावसायिक उत्कृष्टता तक' था।

मंत्री ने कहा कि अग्रवाल समाज ने सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने महाराजा अग्रसेन के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने के लिए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने लोगों से सेवा, सहयोग और समानता के सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी महाराजा अग्रसेन के आदर्शों से प्रेरित होकर 'सबका साथ, सबका विकास' की भावना के साथ कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अग्रोहा धाम के विकास के लिए 40 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इससे वहां आगे की खुदाई में मदद मिलेगी और महाराजा अग्रसेन के जीवन, दर्शन तथा मानव कल्याण में उनके योगदान से जुड़े नए तथ्य सामने आने की संभावनाएं बढ़ेंगी।

विश्वविद्यालय में स्थापित महाराजा अग्रसेन पीठ की सराहना करते हुए गोयल ने कहा कि यह पीठ उनके विचारों और सिद्धांतों पर शोध को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने पीएचडी शोध के लिए निर्धारित सीट की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए इन सीटों की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता भी जताई, ताकि महाराजा अग्रसेन के योगदान पर व्यापक अध्ययन किया जा सके।

इस अवसर पर मंत्री ने महाराजा अग्रसेन पीठ के अंतर्गत शोध कर रहे शोधार्थियों के लिए 15,000 रुपये की छात्रवृत्ति देने की घोषणा की। साथ ही सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कार्यकर्ताओं को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित