अजमेर , अक्टूबर 11 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने महाराजा अग्रसेन की शिक्षा को आज भी प्रासंगिक बताते हुए कहा हैं कि उनके विचारों पर चलकर हम समाज को अपना सर्वोत्तम योगदान दे सकते हैं।
श्री देवनानी रविवार को अग्रसेन जयंती के पावन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने अग्रवाल समाज का राष्ट्र निर्माण में अहम योगदान बताते हुए समाज के उत्थान और समरसता के प्रतीक महाराजा अग्रसेन के जीवन एवं उनके आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन के बताए मार्ग पर चलकर समाज के प्रत्येक व्यक्ति को परस्पर सहयोग और सद्भाव की भावना को मजबूत करना चाहिए। उनके जीवन मूल्य आज के समाज में भी उतने ही प्रासंगिक हैं और हमें उनके बताए रास्ते पर चलते हुए समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति की सहायता करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक युग में भी महाराजा अग्रसेन के बताए मार्ग सहयोग, उद्यम, प्रेम और परोपकार की प्रासंगिकता उतनी ही बनी हुई है। हमें उनके जीवन दर्शन से प्रेरणा लेकर समाज के उत्थान और जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।
श्री देवनानी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने प्राचीन सांस्कृतिक मूल्यों और संस्कारों से जुड़े रहते हुए आधुनिकता को अपनाएं और समाज तथा राष्ट्र के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित