महराजगंज , अप्रैल 23 -- उत्तर प्रदेश में महराजगंज जिले के सिंदुरिया थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि बलुही धूस गांव के पास तेज रफ्तार गिट्टी लदे ट्रक और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार नौसाद, उनकी पत्नी सहेला खातून और लगभग पांच वर्षीय पुत्र की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
बताया गया कि तीनों ईंट भट्ठे से अपने घर लौट रहे थे, तभी सामने से आ रहे ट्रक से उनकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की बात सामने आई है। घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित