सहारनपुर , मई 17 -- उत्तर प्रदेश में सहारनपुर मंडल के प्रसिद्ध तीर्थस्थल शुक्रतालधाम स्थित हनुमंतधाम के पीठाधीश्वर स्वामी केश्वानंद सरस्वती (80) रविवार को ब्रह्ममुहूर्त में ब्रह्मलीन हो गए।
स्वामी ध्रुवानंद तीर्थ ने आज शाम यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि श्री केश्वानंद ने मुजफ्फरनगर के आरोग्य अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनकी जन्मस्थली हाथरस थी। उन्होंने 1960 से शुक्रतीर्थ में स्वामी रामधारी जी महाराज के सानिध्य में शिक्षा-दीक्षा पायी। उन्होंने शुकतीर्थ में विशाल हनुमानजी को स्थापित किया। साथ ही शिक्षा, गौशाला एवं अन्नक्षेत्र परकल्प स्थापित एवं विकसित किए।
पीठाधीश्वर को श्रद्धांजलि देने वालों में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि डा. वीरपाल निर्वाल, पूर्व मंत्री संजय गर्ग, कृष्ण कुमार बंसल उपाध्यक्ष हनुमत धाम, आर के टंडन अध्यक्ष, रविंद्र पुरी अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं जगदगुरु भैया जी महाराज, और कटार सिंह समेत अनेक लोग शामिल हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित