हाजीपुर , जून 15 -- पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने सोमवार को पाटलिपुत्र-शाहपुर पटोरी-बरौनी-नौगछिया रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने रेलखंड के विभिन्न स्टेशनों, पुल-पुलियों, ओएचई प्रणाली, पथ-रचना तथा ट्रैक की संरक्षा एवं मजबूती का अवलोकन किया । इसके साथ ही महाप्रबंधक द्वारा बिक्रमशिला-कटरिया नई लाईन परियोजना के निर्माण स्थल का भी निरीक्षण किया गया।निरीक्षण क्रम में महाप्रबंधक नौगछिया स्टेशन पहुंचे । इसके बाद उन्होंने नौगछिया के तरफ कटरिया के उपरी भाग के निर्माण साईट का निरीक्षण किय । इसके बाद महाप्रबंधक ने भागलपुर के तरफ स्थित निर्माण स्थल एवं नये स्टेशन साईट का भी निरीक्षण किया।
इस परियोजना के तहत गंगा नदी पर 2.44 किमी लंबी डबल लाइन वाली पुल का भी निर्माण किया जाना है,जिससे संबंधित निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली गयी है तथा मिट्टी जांच का कार्य पूरा किया जा चुका है । मुख्य पुल के डिजाइन एवं ड्राईंग का कार्य अगले 03 माह में पूरा कर लिया जाएगा । इसके बाद मुख्य पुल का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा । इसके साथ ही मुख्य पुल से जुड़े दोनों तरफ बनने वाले रेल लाईन के लिये 180 हेक्टर जमीन का अधिग्रहण किया जाना है । अधिगृहित किये जाने वाले इस 180 हेक्टर जमीन में से आधे से ज्यादा प्राइवेट जमीन है जिसे अधिगृहित करने हेतु 20ए एवं 20ई जारी किया जा चुका है।
गौरतलब है कि 2549 करोड़ की लागत से बिहार में भागलपुर के पास गंगा नदी पर 26 किमी लंबे बिक्रमशिला-कटरिया नई लाईन के निर्माण किया जाना है। इस परियोजना के तहत गंगा नदी पर 2.44 किमी लंबी डबल लाइन वाली पुल का भी निर्माण किया जायेगा । बिक्रमशिला-कटरिया नई लाईन परियोजना में बिक्रमशिला स्टेशन भागलपुर-साहिबगंज रेलखंड तथा कटरिया स्टेशन कटिहार-बरौनी रेलखंड पर स्थित है। इस परियोजना के तहत गंगा नदी नदी पर बनने वाला रेल पुल वाई आकार का होगा जो उत्तर दिशा में कटरिया और नवगछिया तथा दक्षिण दिशा में विक्रमशिला और शिवनारायणपुर स्टेशनों को जोड़ेगी । इस पुल के निर्माण होने से बिहार के कोसी और सीमांचल क्षेत्र का अंग क्षेत्र से सीधा जुड़वा होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित