सोनीपत , जुलाई 29 -- हरियाणा में सोनीपत के महापौर राजीव जैन ने आज गुरु पूर्णिमा के अवसर पर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षकों के साथ पौधारोपण किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि माँ व्यक्ति की पहली शिक्षिका होती है और उनके सम्मान में पौधा लगाना न केवल कृतज्ञता का प्रतीक है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी दर्शाता है।
इसके बाद महापौर ने मुरथल स्थित रामकृष्ण साधना केंद्र में आयोजित गुरु पूर्णिमा समारोह में भाग लिया। कार्यक्रम में स्वामी दयानंद सरस्वती ने गुरु के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु का मार्गदर्शन व्यक्ति को जीवन में सही दिशा प्रदान करता है। समारोह में गुरु वंदना और भजन प्रस्तुत किए गए जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित