अलवर , सितम्बर 16 -- राजस्थान में अलवर नगर निगम के महापौर चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने पत्ते खोलते हुए सुमन लता अग्रवाल को महापौर पद का प्रत्याशी घोषित किया है।

पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की ओर से नाम पर मुहर लगने के बाद सुमन लता अग्रवाल ने बुधवार को अपना नामांकन दाखिल कर दिया। नामांकन से पहले अतिरिक्त जिला कलेक्टर अंबालाल मीणा ने प्रत्याशी और प्रस्तावक पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी।

भाजपा प्रत्याशी के चयन को लेकर वन मंत्री संजय शर्मा ने बताया कि प्रदेश चुनाव संचालन समिति को महापौर पद के लिए चार प्रमुख नाम भेजे गये थे। इनमें सुमन अग्रवाल, मीना, नेहा और अपूर्वा शर्मा के नाम शामिल थे। प्रदेश चुनाव संचालन समिति ने मंथन के बाद सुमन अग्रवाल के नाम पर अंतिम मुहर लगाई। संजय शर्मा ने कहा कि प्रत्याशी घोषित होने के बाद भाजपा पूरी तरह एकजुट है और पार्टी के सभी नेता एवं कार्यकर्ता कमल के फूल के लिए मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं।

श्री शर्मा ने कहा कि आगामी 21 सितंबर को होने वाले महापौर चुनाव में भाजपा को पार्षदों का समर्थन मिलेगा और अलवर नगर निगम में भाजपा का महापौर बनेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य सिर्फ नगर निगम तक सीमित नहीं है, बल्कि जिले के सभी स्थानीय निकायों में भाजपा का बोर्ड बनाने का है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में अलवर जिले के सभी नगर निकायों में भाजपा का कमल खिलेगा।

भाजपा की महापौर प्रत्याशी सुमन लता अग्रवाल ने प्रत्याशी बनाए जाने पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी। महापौर बनने पर उनकी प्राथमिकताओं में अलवर शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर करना, टूटी सड़कों की समस्या का समाधान, बिजली सहित शहर की अन्य मूलभूत समस्याओं को दूर करना शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम को भ्रष्टाचार मुक्त और बेहतर व्यवस्था वाला निगम बनाने की दिशा में काम किया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित