जयपुर , फरवरी 18 -- राजस्थान के ग्रामीण विकास मंत्री डॉ किरोड़ी लाल मीणा ने बुधवार को विधानसभा में बताया कि राज्य सरकार 'विधायक स्थानीय निधि' से महापुरुषों एवं समाज सुधारकों की प्रतिमा लगाने के लिए सदन के कुछ सदस्यों और अधिकारियों की एक समिति बनायेगी और उसके सुझावों पर विचार करेगी।
डॉ मीणा शून्यकाल में विधायक रतन देवासी द्वारा लाए गए ध्यानाकर्षण प्रस्ताव का जवाब दे रहे थे। उन्होंने बताया कि विभाग एक महीने तक सदस्यों से सुझाव आमंत्रित करेगा। उन्होंने कहा कि विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास योजना में संस्था या ट्रस्ट के माध्यम से सामाजिक सेवा या कल्याणकारी गतिविधियों के निर्माण कार्य करवाए जाते हैं। उन्होंने बताया कि विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास योजना का मुख्य उद्देश्य पूंजीगत प्रकृति के विकासात्मक निर्माण कार्य करवाना हैं ताकि क्षेत्रीय विकास में असंतुलन को दूर किया जा सकें।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा बजट घोषणा 2025-26 की अनुपालना में इस योजना की राशि को 10 लाख से बढ़ाकर 25 लाख रुपए किया गया हैं। श्री मीणा ने कहा कि इस निधि से सृजित होने वाली परिसम्पत्तियां राज्य सरकार के स्वामित्व में आती हैं। ये जाति या धर्म के भेदभाव के बिना सभी वर्गों के उपयोग के लिए हैं। किसी ट्रस्ट या गैर सरकारी संस्था को योजना अवधि में अधिकतम 25 लाख रुपये तक की राशि के कार्य स्वीकृत किए जा सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित