पटना, मई 20 -- बिहार सरकार महान माध्यम दूरी धावक एवं राज्य के प्रथम ओलंपियन शिवनाथ सिंह को सम्मानित करेगी।
प्रदेश की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने बुधवार को विकास भवन में आयोजित खेल विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक के बाद कहा कि शिवनाथ सिंह ने 1974 के तेहरान एशियाई खेलों के दो स्पर्थाओं 5000 एवं 10000 मीटर वर्ग में स्वर्ण तथा रजत पदक जीता था 1976 के मॉन्ट्रियल एवं 1980 के मॉस्क ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया तथा 1978 में स्थापित उनका मैराथन राष्ट्रीय रिकॉर्ड चार दशकों तक कायम रहा। भारत सरकर ने उन्हें अर्जुन पुरस्कार से भी सम्मानित किया है। उन्होंने कहा कि श्री सिंह के संघर्ष और खेल के क्षेत्र में योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए खेल भवन में उनके जीवन परिचय एवं उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।
खेल मंत्री सुश्री सिंह के साथ समीक्षा बैठक में नव नियुक्त खेल सचिव विनोद सिंह गुंज्याल, खेल निदेशक आरिफ अहसन तथा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए, जिसमें प्रदेश में खेलकूद के क्षेत्र में प्रगति की रुपरेखा तैयार की गई।
इस बैठक में खेल विभाग की कार्यप्रणाली को और अधिक सक्रिय, पारदर्शी एवं परिणामोन्मुख बनाने की बात कही गई। इस दौरान खेल मंत्री ने निर्देश दिये कि विभागीय कार्यों की नियमित समीक्षा प्रत्येक सोमवार एवं बुधवार को अनिवार्य रूप से की जाए, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन में निरंतरता बनी रहे तथा विभागीय कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित