वाराणसी , अगस्त 22 -- उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने शनिवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन किए और विधिवत पूजा-अर्चना कर देश एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

दर्शन-पूजन के बाद श्री महाना ने काशी की प्रसिद्ध कचौड़ी-सब्जी का भी स्वाद चखा। इस दौरान उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ की कृपा से ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस नगरी की सेवा करने का अवसर मिला है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में काशी ने नया स्वरूप लिया है और देश प्रगतिशील, स्वावलंबी तथा संस्कार एवं संस्कृति से और समृद्ध बन रही है।

उन्होंने कहा कि 'सबका साथ, सबका विकास' के साथ देश आगे बढ़ रहा है। आज लाखों की संख्या में श्रद्धालु काशी आते हैं और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उनकी सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। काशी की धरती पर इतिहास, कला और संस्कृति के साथ सकारात्मक ऊर्जा का भी अनुभव होता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित