कुशीनगर , अक्टूबर 24 -- कुशीनगर के जिलाधिकारी संजय जिलाधिकारी ने कहा कि बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय जनपद ही नहीं, बल्कि पूरे पूर्वांचल के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक परियोजना है।
कुशीनगर में जिलाधिकारी अध्यक्षता में आज कसाडा सभागार में ईपीसी मोड के अंतर्गत निर्माणाधीन महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुशीनगर के निर्माण कार्य की प्रगति एवं विभिन्न विभागों से संबंधित विषयों के निराकरण के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में विश्वविद्यालय परिसर के विकास, निर्माण कार्यों की प्रगति तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। परिसर की अवस्थिति एवं ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) एवं मानचित्र स्वीकृति प्राप्त करने की प्रक्रिया की समीक्षा की गई। इस संबंध में सांस्कृतिक विभाग से कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग को भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने तथा संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने पर विचार-विमर्श किया गया।
इसके साथ ही विश्वविद्यालय के लिए उपलब्ध 145.82 एकड़ भूमि में प्रस्तावित शैक्षणिक भवन, आवासीय परिसर, सड़क एवं बाउंड्रीवाल सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। परिसर के विभिन्न हिस्सों में निर्माण कार्यों को सुचारु रूप से आगे बढ़ाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक समन्वय स्थापित कर लंबित प्रक्रियाओं को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय जनपद ही नहीं, बल्कि पूरे पूर्वांचल के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक परियोजना है। इसके पूर्ण होने से कृषि शिक्षा, अनुसंधान एवं नवाचार को नई दिशा मिलेगी तथा क्षेत्र के युवाओं और किसानों को भी लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्माण कार्य में आ रही समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने तथा आवश्यक प्रकरणों पर शासन स्तर से भी प्रभावी पैरवी करने के निर्देश दिए, ताकि विश्वविद्यालय निर्माण कार्य को निर्धारित समयावधि में गति प्रदान की जा सके।
बैठक में सचिव कसाडा/उप जिलाधिकारी कसया, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित