वाराणसी , जुलाई 26 -- महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का 48वां दीक्षांत समारोह 28 जुलाई को सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगा।
समारोह के मुख्य अतिथि मुंबई भारतीय नौवहन निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) कैप्टन बी.के. त्यागी होंगे।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने रविवार को डॉ. भगवान दास केंद्रीय पुस्तकालय स्थित समिति कक्ष में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि इस वर्ष दीक्षांत समारोह की थीम "विगत एक दशक में भारत की उपलब्धियां : विकसित भारत-2047 की आधारशिला" रखी गयी है। उन्होंने बताया कि दीक्षांत समारोह से पूर्व 'दीक्षोत्सव-2026' के तहत विश्वविद्यालय परिसर तथा गोद लिए गए गांवों में विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
उन्होंने बताया कि समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी। समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय अति विशिष्ट अतिथि तथा उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।
कुलपति ने बताया कि इस बार विश्वविद्यालय तथा संबद्ध महाविद्यालयों के टॉपर्स को अलग-अलग स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। समारोह में मंच से 26 विद्यार्थियों (20 छात्राएं एवं छह छात्र) को कुल 43 स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। इनमें स्नातक स्तर के आठ विद्यार्थी (सभी छात्राएं, जिनमें पांच विश्वविद्यालय तथा तीन संबद्ध महाविद्यालयों से) तथा स्नातकोत्तर स्तर के 16 विद्यार्थी (11 छात्राएं एवं पांच छात्र) शामिल हैं। इसके अलावा उत्कृष्ट खिलाड़ी सुमित कुमार भारती और अंजलि कुमारी को भी सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कुल 17 विद्यार्थियों को दो-दो स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे।
प्रो. त्यागी ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में विश्वविद्यालय के 49 पाठ्यक्रमों में 56 विद्यार्थियों ने सर्वोच्च अंक प्राप्त किए हैं, जिनमें 43 छात्राएं और 13 छात्र शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि दीक्षांत समारोह में स्नातक के 49,659, स्नातकोत्तर के 13,401 तथा पीएचडी के 123 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इस प्रकार कुल 63,183 विद्यार्थियों को उपाधियां दी जाएंगी, जिनमें 22,183 छात्र तथा 41,000 छात्राएं शामिल हैं।
कुलपति ने बताया कि श्री देवी हैंडलूम, तेलंगाना के संस्थापक वाई. श्रीधर राव को समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मानद डी.लिट. की उपाधि से सम्मानित किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित