श्रीगंगानगर , अप्रैल 04 -- राजस्थान में बीकानेर जिले में स्थित महाजन थाना क्षेत्र में महाजन फील्ड रेंज के नॉर्थ कैंप में एक ठेकेदार के गोदाम से लाखों रुपए का निर्माण और इलेक्ट्रिकल सामान चोरी हो जाने का मामला सामने आया है।

सूत्रों ने शनिवार को बताया कि यह फील्ड रेंज एशिया की एकमात्र ऐसी रेंज मानी जाती है जहां युद्ध अभ्यास के लिए सबसे अनुकूल परिस्थितियां उपलब्ध हैं। यहां भारतीय सेना के साथ-साथ विदेशी सेनाएं भी संयुक्त अभ्यास करती हैं। रात में सेना के जवानों द्वारा कड़ी सुरक्षा और गश्त के बावजूद चोरों ने तारबंदी काटकर अंदर घुसकर गोदाम से भारी-भरकम सामान चुरा लिया।

सूत्रों ने बताया कि यह घटना गुरुवार तड़के हुई। ठेकेदार रामकुमार जाट ने महाजन ने अज्ञात चोरों के खिलाफ शुक्रवार देर शाम चोरी का मामला दर्ज कराया है। ठेकेदार ने बताया कि उसकी कंस्ट्रक्शन कंपनी को महाजन फील्ड रेंज में भवन और इलेक्ट्रिकल मरम्मत का ठेका मिला है। मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विसेज (एमईएस) की ओर से उसे नॉर्थ कैंप में सामान रखने के लिए गोदाम उपलब्ध कराया गया था, जहां लाखों रुपए का सामान एकत्रित किया हुआ था।

रामकुमार ने बताया कि दो अप्रैल सुबह गोदाम पहुंचने पर मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर से सामान गायब था। तुरंत एमईएस अधिकारियों को सूचना दी गई। कुछ ही देर में एमईएस के अधिकारी और आर्मी के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने गोदाम का निरीक्षण किया। सेना ने अपनी जांच के बाद ठेकेदार को पुलिस में प्राथमिकी दर्ज करवाने की अनुमति दे दी। ठेकेदार ने बताया कि करीब पांच लाख रुपए से अधिक का सामान चोरी हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित