उज्जैन , सितंबर 27 -- मध्यप्रदेश में सुगम, सुरक्षित और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को गति देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को श्री महाकाल लोक स्थित अन्नक्षेत्र पार्किंग परिसर से पीएम ई-बस सेवा एवं उज्जैन दर्शन सेवा का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने शक्ति पथ, महाकाल लोक से बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर वेदपाठी बटुकों ने वेद मंत्रों का वाचन किया और डमरू वादन किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान श्री महाकालेश्वर की नगरी में आज अद्भुत दिन है और शहर को लगातार विकास की नई सौगातें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि 21 वर्ष पहले राज्य परिवहन निगम की बसें संचालित होती थीं, लेकिन बाद में सार्वजनिक परिवहन सेवा बंद हो गई थी। अब इस कमी को पूरा किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य परिवहन निगम की बसें एक राज्य से दूसरे राज्य तक तथा नगरीय स्तर पर शहर के भीतर भी संचालित होंगी। उज्जैन में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 10 बसों की सौगात मिली है।
कार्यक्रम में सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, एडीजी राकेश गुप्ता, डीआईजी नवनीत भसीन, संभागायुक्त आशीष सिंह, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित