उज्जैन , अगस्त 27 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में सुरक्षाकर्मियों से मारपीट, दान पेटी और अन्य सामान में तोड़फोड़ के मामले में महाकाल थाना पुलिस ने तीन दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सचिन मराठा सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार श्रावण माह में महाकाल मंदिर में दर्शनार्थियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसी दौरान 26 अगस्त को नंदी हॉल में दर्शन की जिद को लेकर इंदौर निवासी सचिन मराठा अपने करीब 30 से 40 कावड़ियों के साथ सुरक्षाकर्मियों से भिड़ गया। विवाद बढ़ने पर मंदिर परिसर में हंगामा और तोड़फोड़ की गई।
घटना में छह मंदिर सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि कुछ अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। पुलिस ने मामले में सचिन मराठा और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच के दौरान पुजारी सहित अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। घटना के बाद महाकाल मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित