उज्जैन , अक्टूबर 02 -- मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में आगामी सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत महाकाल मंदिर से महाकाल घाटी चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रही। इस दौरान कई भवन मालिकों ने चौड़ीकरण की सीमा में आ रहे अपने निर्माण और सामान को स्वयं हटाना शुरू कर दिया।

उज्जैन नगर पालिक निगम सूत्रों के अनुसार महाकाल घाटी मार्ग स्मार्ट सिटी के वर्ष 2023 में प्रस्तावित चार स्मार्ट रोड प्रोजेक्ट में शामिल था। न्यायालय में मामला लंबित रहने और स्थगन के कारण करीब तीन वर्ष तक यहां काम आगे नहीं बढ़ सका। स्थगन हटने के बाद बुधवार से चौड़ीकरण की कार्रवाई पुन: शुरू की गई है। निगम अमला पोकलेन, जेसीबी और अन्य संसाधनों के साथ मौके पर पहुंचा। कार्रवाई शुरू होने से पहले ही कई भवन मालिकों ने प्रभावित हिस्से स्वयं हटाने शुरू कर दिए।

निगम के अनुसार करीब 200 मीटर लंबे इस मार्ग की वर्तमान चौड़ाई लगभग 12 मीटर है, जिसे मास्टर प्लान के अनुसार बढ़ाकर 24 मीटर किया जाना प्रस्तावित है। चौड़ीकरण की सीमा में 39 निर्माण एवं पक्के ढांचों के हिस्से चिन्हित किए गए हैं। चौड़ीकरण पूरा होने के बाद इस मार्ग को स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत स्मार्ट रोड के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रस्तावित सड़क निर्माण की स्वीकृत लागत 12 करोड़ 82 लाख रुपये बताई गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित