उज्जैन , अगस्त 22 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर के समीप बेगमबाग क्षेत्र में शनिवार को न्यायालय से स्थगन आदेश हटने के बाद उज्जैन विकास प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पोकलेन और बुलडोजर की मदद से एक दर्जन से अधिक मकानों को जमींदोज कर दिया।
सूत्रों के अनुसार न्यायालय से स्टे हटने के बाद शनिवार सुबह उज्जैन विकास प्राधिकरण की टीम ने कार्रवाई शुरू की। बताया गया है कि प्राधिकरण के 48 आवासीय भूखंडों को नियम विरुद्ध तरीके से 106 हिस्सों में विभाजित कर उन पर व्यावसायिक निर्माण कर दिए गए थे। आवासीय भूखंडों पर धर्म विशेष के लोगों ने व्यवसायिक तौर अवैध अतिक्रमण कर महाकाल मंदिर के पास मुस्लिम बाहुल्य बेगमबाग क्षेत्र में अवैध भवनों में चिकन सेंटर, होटल, रेस्टोरेंट, डेयरी, गेस्ट हाउस और अन्य दुकानें संचालित हो रही थीं। इससे पूर्व भी यहां 72 मकान तोड़े जा चुके हैं।
सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत हरिफाटक ब्रिज के चौड़ीकरण तथा हरिफाटक से महाकाल चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण, पार्किंग जोन, पाथवे और स्मार्ट लाइटिंग के लिए क्षेत्र को खाली कराया जा रहा है। प्रस्तावित परियोजना के तहत यहां सिक्सलेन ब्रिज के निर्माण की योजना भी बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान वरिष्ठ अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। सुरक्षा की दृष्टि से हरिफाटक से महाकाल मार्ग को आवागमन के लिए बंद कर दिया गया। कार्रवाई के चलते क्षेत्र में लोगों की भीड़ भी जमा रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित