उज्जैन , अगस्त 08 -- मध्यप्रदेश में उज्जैन स्थित भगवान श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्रावण मास के पहले सप्ताह में महज आठ दिनों में करीब 29 लाख 28 हजार श्रद्धालुओं ने भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन किए है।
श्री महाकालेश्वर मंदिर में इस वर्ष श्रावण-भादो मास के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिर समिति के आंकड़ों के अनुसार 30 जुलाई से छह अगस्त तक श्रावण के पहले सप्ताह के इन आठ दिनों में कुल 29 लाख 28 हजार 349 दर्शनार्थियों ने भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन किए।
श्रावण मास के पहले सोमवार तीन अगस्त को सबसे अधिक छह लाख 13 हजार 849 श्रद्धालुओं ने सुगमता एवं सुविधा से भगवान महाकालेश्वर के दर्शन किए। इसी दिन मंदिर समिति को लड्डू प्रसाद की बिक्री से 36 लाख 70 हजार 800 रुपये की आय प्राप्त हुई। श्रावण मास के सोमवार को भगवान महाकालेश्वर की सवारी भी निकाली जाती है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। पहली सवारी में करीब आठ लाख श्रद्धालुओं के शामिल होने की जानकारी सामने आई।
वहीं श्री महाकालेश्वर मंदिर में 30 जुलाई से छह अगस्त तक शीघ्र दर्शन व्यवस्था के अंतर्गत कुल एक लाख 40 हजार 228 टिकटों की बिक्री हुई। इससे मंदिर समिति को कुल तीन करोड़ 50 लाख 57 हजार रुपये की आय प्राप्त हुई।
इसी प्रकार उक्त अवधि में श्री महाकालेश्वर मंदिर में लड्डू प्रसाद का कुल 497.439 क्विंटल विक्रय हुआ। इससे मंदिर समिति को कुल दो करोड़ 35 लाख 26 हजार 650 रुपये की आय प्राप्त हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित