कौशांबी , मार्च 26 -- देश की 51 शक्तिपीठों में शामिल शीतला देवी धाम कड़ा में नवरात्र मेले के आठवें दिन महागौरी स्वरूपा माता शीतला देवी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। गुरुवार तड़के से ही श्रद्धालुओं का कड़ा धाम पहुंचना शुरू हो गया। भक्तों ने पहले कुबरी गंगा घाट पर स्नान किया, इसके बाद मंदिर पहुंचकर माता के दर्शन किए और नारियल, चुनरी, पुष्पमाला, धूप-दीप, नैवेद्य, ध्वजा-पताका अर्पित कर पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने आरती कर मनोवांछित फल की कामना की। मंदिर में दर्शन के लिए प्रतापगढ़, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, रायबरेली, बाराबंकी और मिर्जापुर सहित आसपास के जिलों के अलावा अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं।

मेला आयोजकों के अनुसार, आठवें दिन दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के दर्शन करने का अनुमान है। स्थानीय प्रशासन ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, चिकित्सा, वाहन पार्किंग तथा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित