उज्जैन , अक्टूबर 19 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन में शारदीय नवरात्रि की महाअष्टमी पर सोमवार को नगर की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना के लिए चौबीस खम्बा माता मंदिर में शासकीय नगर पूजा की गई। इस दौरान माता महामाया और महालया को मदिरा सहित पारंपरिक भोग अर्पित किया गया।
कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने सुबह मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। माताओं को सोलह शृंगार और चुनरी अर्पित की गई तथा बलबाकल का भोग लगाया गया। इसके बाद नगर पूजा की पारंपरिक यात्रा शुरू हुई।
कलेक्टर सिंह ने नगरवासियों को महाअष्टमी और नवमी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए नगर की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
प्राचीन उज्जयिनी में सम्राट विक्रमादित्य के समय से चली आ रही परंपरा के अनुसार नगर पूजा के दौरान शहर के लगभग 40 छोटे-बड़े मंदिरों में पूजन कर देवी-देवताओं को बलबाकल का भोग अर्पित किया जाता है। यात्रा रात्रि में हांडी फोड़ भैरव मंदिर पहुंचकर संपन्न होगी।
शासकीय नगर पूजा उज्जैन की प्राचीन धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह आयोजन प्रतिवर्ष नगर की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना के साथ किया जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित