बक्सर , अक्टूबर 18 -- बिहार के बक्सर रेलवे स्टेशन पर रविवार महाअष्टमी के दिन रेलवे चिकित्सक की तत्परता से अहमदाबाद-बरौनी एक्सप्रेस में एक महिला का सुरक्षित प्रसव कराया गया।

इस दौरान महिला ने स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। इसके बाद मां और नवजात को आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध करायी गयी। इस खास घटना की वजह से नवजात को नियमानुसार वयस्क होने तक रेलवे की तरफ से यात्रा के लिए मुफ्त पास की भी व्यवस्था होगी।

घटना गाड़ी संख्या 19483 अहमदाबाद-बरौनी एक्सप्रेस की है। सूरत की एक कपड़ा फैक्ट्री में काम करने वाला व्यक्ति अपनी 25 वर्षीय पत्नी के साथ दशहरे पर गांव लौट रहा था। दंपती ट्रेन के एस-2 कोच में यात्रा कर रहा था। डीडीयू स्टेशन से ट्रेन खुलने के बाद महिला को प्रसव पीड़ा होने की सूचना मिली। इसके बाद बक्सर रेलवे स्टेशन के स्टेशन प्रबंधक रजत सक्सेना ने तत्काल चिकित्सकीय सहायता की व्यवस्था की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित