सोनीपत , मई 24 -- हरियाणा में सोनीपत के मेयर राजीव जैन ने रविवार को महर्षि कश्यप जयंती के अवसर पर श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि महर्षि कश्यप मानव जाति के पथ - प्रदर्शक के रूप में सदैव अविस्मरणीय रहेंगे। वह लहराडा, सुंदर सांवरी और हनुमान नगर में आयोजित महर्षि कश्यप जयंती महोत्सव एवं भंडारे के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।

कश्यप समाज एवं लहराडा वासियों के तत्वावधान में महर्षि कालू बाबा के सान्निध्य में आयोजित कार्यक्रम में मेयर राजीव जैन ने कहा कि महर्षि कश्यप वैदिक ऋषियों में प्रमुख थे तथा सप्तऋषियों में उनकी गणना की जाती है। हिंदू मान्यताओं के अनुसार सृष्टि के विस्तार में उनके वंशजों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

उन्होंने कहा कि महर्षि कश्यप का जीवन मानव कल्याण और अध्यात्म को समर्पित रहा। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने लोगों से महर्षि कश्यप के आदर्शों को आत्मसात कर समाज सेवा और मानव कल्याण के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

इस अवसर पर पार्षद सुनीता भोला, गुरदीप कश्यप, रमेश कश्यप, राजेंद्र कश्यप, सतीश कश्यप, जय भगवान, राजबीर, जगबीर, धर्मवीर, कर्मबीर, प्रवीण, सुनील, विक्की, ताराचंद, रविंद्र, रामकुमार और मनोज सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित