महराजगंज , अक्टूबर 24 -- महराजगंज में विकासखंड सिसवा की ग्राम पंचायत हरखपुरा में परफॉर्मेंस ग्रांट के अंतर्गत प्रस्तावित बारात घर के निर्माण कार्य का भूमिपूजन एवं शिलान्यास हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक जयमंगल कनौजिया ने पूजा कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। प्रस्तावित बारात घर के निर्माण पर लगभग 3.17 करोड़ रुपये की लागत आएगी। निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए 11 माह की समय सीमा निर्धारित की गई है। कार्यदायी संस्था कंस्ट्रक्शन एंड कंस्ट्रक्शन, पटना है।

सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास का उद्देश्य केवल सड़क, नाली और भवनों का निर्माण करना नहीं, बल्कि जनसामान्य की आवश्यकताओं के अनुरूप उपयोगी सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है। हरखपुरा में बनने वाला बारात घर ग्रामीणों के मांगलिक कार्यक्रमों, सामाजिक समारोहों और सामुदायिक गतिविधियों के आयोजन में उपयोगी सिद्ध होगा। इससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा तथा सामाजिक सहभागिता और आपसी सौहार्द को बढ़ावा मिलेगा।

विधायक ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास और जनसमस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने ग्रामीण आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा विकास योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि सुशासन, नागरिकों की सुरक्षा और विकास कार्य एक-दूसरे के पूरक हैं।

जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में उत्सव भवन एवं बारात घर जैसे सार्वजनिक उपयोग के भवनों का निर्माण ग्रामीणों की सामाजिक आवश्यकताओं को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे भवनों से मांगलिक कार्यक्रमों और सामुदायिक आयोजनों के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध होती हैं।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय महिलाओं ने मंगलगीत गाकर समारोह को पारंपरिक एवं उत्सवी स्वरूप प्रदान किया। ग्राम पंचायत की निवर्तमान प्रधान एवं प्रशासक मेवाती देवी, प्रशासक राम गोपाल यादव तथा ग्राम पंचायत सचिव शशिकांत पाण्डेय सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गोपाल यादव ने अतिथियों का स्वागत किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित