महराजगंज , अक्तूबर 18 -- महराजगंज में दुर्गा पूजा के मद्देनजर जिले में पुलिस प्रशासन शहर से लेकर सरहद तक सतर्क है। 1712 स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित हुई है। पुलिस प्रत्येक हलचल पर नजर रखे हुए हैं। वहीं बार्डर क्षेत्र में पगडंडियों पर नजर रखी जा रही है। 30 से अधिक स्थानों पर रावण पुतला दहन होगा। इसे लेकर देखते हुए तैयारी की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, जिले में दुर्गा पूर्जा को लेकर पुलिस की ओर से विशेष तैयारी की गई है। बीते एक माह से अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की जा रही है। चाहे शस्त्र लाइसेंस के सत्यापन की बात हो या फिर अन्य मामले, सभी में पुलिस की ओर से विशेष निगरानी की जा रही है। भारत नेपाल सीमा पर सुरक्षा कर्मी निगरानी में जुटें हैं।

दुर्गा पंडालों में भी सुरक्षा मानक का पूरा ध्यान रखने के लिए निर्देशित किया गया है। संबंधित अधिकारी इसकी निगरानी में जुटे हैं। जगह जगह बैरियर लगाकर जांच की जा रही है। दूसरी ओर से यातायात पुलिस भी नियम का सख्ती से पालन करा रही है। सीसीटीवी के जरिए सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम पुख्ता किया गया है। ड्रोन से निगरानी करने के अलावा सादे ड्रेस में पुलिस कर्मी भीड़ में नजर रखेंगे। कहीं से भी कोई संदिग्ध नजर आया तो त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था की गई है। भ्रामक खबरों पर भी नकेल कसने का इंतजाम है।

सोशल मीडिया पर होने वाली प्रत्येक गतिविधि की निगरानी सोशल मीडिया सेल की ओर से की जा रही है। तथ्यों को तोड़मरोड़ कर प्रदर्शित करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। ध्वनी प्रदूषण से बचाव के लिए भी व्यवस्था बनी है। निर्धारित सीमा से अधिक शोर होने पर डीजे संचालकों पर कार्रवाई की जाएगी। नियमों का अनुपालन कराने के लिए जिम्मेदारों को निर्देशित किया जा चुका है। सुरक्षा के लिए जिम्मेदार लोगों को फिल्ड में रहने का निर्देश दिया गया है। लापरवाही होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने रविवार को बताया कि सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए हर संभव इंतजाम हैं। सभी थानेदारों समेत क्षेत्राधिरारियों को अलर्ट कर दिया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में कड़ी निगरानी की जा रही है। लोगों से अपील है की कहीं संदिग्ध कोई दिखे तो पुलिस को तुरंत सूचित करें। सांयकाल गश्त भी पुलिस कर्मी शहर से लेकर गांव के चौराहों पर कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित