महराजगंज , अप्रैल 30 -- उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में डीजल की किल्लत को लेकर आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर जा रहे एक पिकअप वाहन को पेट्रोल पंप पर घंटों इंतजार के बावजूद डीजल नहीं मिला, जिसके बाद दूसरी गाड़ी से डीजल निकालकर पिकअप में भरना पड़ा। सूत्रों के अनुसार, निचलौल थाना क्षेत्र के सिधावे पेट्रोल पंप पर यह घटना सामने आई। सिधावे गांव निवासी रामेश्वर के छोटे भाई सर्वेश गुप्ता के निधन के बाद परिजन शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए जा रहे थे। इसी दौरान पिकअप में डीजल समाप्त हो गया, जिसके बाद वाहन को पास के पेट्रोल पंप पर ले जाया गया।
परिजनों का आरोप है कि पंप पर घंटों इंतजार करने के बावजूद डीजल उपलब्ध नहीं कराया गया। पंप कर्मियों ने बार-बार "थोड़ी देर में तेल आने" की बात कहकर उन्हें टालते रहे। इस दौरान शव लेकर खड़े परिजन अत्यंत व्यथित रहे और अंतिम संस्कार में हो रही देरी से चिंतित दिखाई दिए।
स्थिति गंभीर होती देख परिजनों और स्थानीय लोगों ने वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए दूसरी गाड़ी से डीजल निकालकर पिकअप में भरा, जिसके बाद वाहन को आगे के लिए रवाना किया गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में डीजल-पेट्रोल के लिए लंबी कतारें लग रही हैं और कई बार घंटों इंतजार के बाद भी तेल नहीं मिल पाता। पंप पर सप्लाई आते ही कुछ ही देर में खत्म हो जाती है, जिससे आमजन की परेशानी बढ़ गई है। इसी बीच एक अन्य वायरल वीडियो में यह दावा किया जा रहा है कि उक्त पेट्रोल पंप पर आधी रात के समय तेल वितरित किया जा रहा है। वीडियो में कुछ लोगों को तेल दिए जाने की बात सामने आ रही है, जिससे अनियमितता और कथित कालाबाजारी के आरोप भी लग रहे हैं। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
वहीं, जिला प्रशासन ने जिले में डीजल, पेट्रोल और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता का दावा किया है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका मोबाइल नंबर 8423675896 है। आमजन इस नंबर पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी है कि यदि कोई एजेंसी या व्यक्ति कालाबाजारी या अवैध भंडारण में लिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है और वितरण व्यवस्था सामान्य रूप से संचालित की जा रही है, जबकि जमीनी स्तर पर लोग लगातार दिक्कतों की बात कह रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित