महराजगंज , अक्तूबर 18 -- उत्तर प्रदेश भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने महराजगंज स्थित अपने आवास पर जनसुनवाई की। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने सड़क, बिजली, राजस्व, भूमि विवाद, पुलिस, पेंशन, आवास और विकास कार्यों से जुड़ी समस्याएं उनके सामने रखीं।
श्री चौधरी ने एक-एक कर फरियादियों की बात सुनी और कई मामलों में संबंधित अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर समस्या के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने स्थानीय स्तर पर लंबित विकास कार्यों और विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों की जानकारी दी। कुछ लोगों ने भूमि और राजस्व से जुड़े मामलों में कार्रवाई की मांग की तो कई फरियादियों ने बिजली, सड़क और आवास से संबंधित समस्याएं रखीं। पुलिस से जुड़े मामलों में भी लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं।
श्री चौधरी ने फरियादियों की शिकायतें सुनने के बाद संबंधित अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने को कहा।
जनसुनवाई में कई ऐसे लोग भी पहुंचे, जिन्होंने पहले संबंधित विभागों में शिकायत किए जाने के बावजूद समाधान नहीं होने की बात कही। ऐसे मामलों में पंकज चौधरी ने अधिकारियों से वस्तुस्थिति की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। केंद्रीय मंत्री के आवास पर सुबह से ही फरियादियों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। जनसुनवाई के दौरान भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित