पौड़ी , अगस्त 20 -- उत्तराखंड में पौड़ी गढवाल के द्वारीखाल विकासखंड के आपदा प्रभावित महरगांव में जिला प्रशासन ने राहत एवं पुनरुद्धार कार्य तेज कर दिए हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की निगरानी में प्रभावित क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की बहाली का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। प्रशासन की तत्परता से गांव में आवश्यक सेवाएं धीरे-धीरे सामान्य होने लगी हैं।
ग्राम प्रधान अमित सिंह ने गुरुवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि आपदा की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी दुर्गम मार्ग से पैदल महरगांव पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान की कमान संभाली। अंतिम शव बरामद होने तक वह मौके पर मौजूद रहीं। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
आपदा में क्षतिग्रस्त जल जीवन मिशन की मुख्य पेयजल पाइपलाइन की मरम्मत पूरी कर ली गई है, जिससे गांव में पेयजल आपूर्ति सुचारु हो गई है। वहीं, संपर्क मार्ग से मलबा हटाने और आवागमन बनाए रखने के लिए जेसीबी मशीनें लगातार तैनात हैं। राहत सामग्री की आवाजाही सुनिश्चित करने के साथ मार्ग को सुचारु करने का कार्य भी जारी है।
पशुपालन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल पशुओं का उपचार किया। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा के अनुसार, प्रभावित पशुपालकों को राहत के लिए 10 बैग चारा भेली उपलब्ध कराई गई है। दुर्गम क्षेत्र तक चारा पहुंचाने में जेसीबी मशीन और ग्रामीणों का भी सहयोग लिया जा रहा है।
प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को सूखा राशन किट, दैनिक उपयोग के बर्तन और कंबल उपलब्ध कराए गए हैं। प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी गांव में लगातार मौजूद रहकर प्रभावित परिवारों की जरूरतों की निगरानी कर रहे हैं।
ग्राम प्रधान ने प्रशासन की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जिलाधिकारी के नेतृत्व में संकट की घड़ी में प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाई। क्षतिग्रस्त मार्ग और पेयजल व्यवस्था को भी प्राथमिकता से बहाल कराया गया है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि महरगांव में स्थिति पूरी तरह सामान्य होने तक राहत एवं पुनरुद्धार कार्यों में किसी भी स्तर पर ढिलाई न बरती जाए। उन्होंने पेयजल, विद्युत, संपर्क मार्ग, पशुधन और राहत सामग्री समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने को कहा है।
जिला प्रशासन के अनुसार, महरगांव में राहत एवं पुनरुद्धार अभियान लगातार जारी है और प्रभावित क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को पूरी तरह सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित