श्रीनगर , अक्टूबर 19 -- पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जम्मू-कश्मीर के सांस्कृतिक क्षेत्र का पुनरुद्धार एवं मजबूत करने के लिए हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है। उन्होंने दूरदर्शन और आकाशवाणी (विशेष रूप से डीडी कश्मीर) पर स्थानीय कार्यक्रमों के लिए अलग से फंड देने और इस क्षेत्र के संघर्ष कर रहे कलाकारों को निरंतर संस्थागत समर्थन प्रदान करने की मांग की है।
श्री शाह को लिखे एक पत्र में सुश्री महबूबा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के कलाकार, संगीतकार, लेखक, फिल्म निर्माता और सांस्कृतिक अभ्यासकर्ता केवल प्रस्तुतकर्ता नहीं हैं बल्कि इसके समृद्ध विरासत के रक्षक एवं सांस्कृतिक दूत हैं जो भारत की मिश्रित सांस्कृतिक पहचान, शांति और राष्ट्रीय एकता में योगदान देते हैं।
उन्होंने पर्याप्त एवं समर्पित फंड की मांग की ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि डीडी काशिर और आकाशवाणी केंद्र नियमित रूप से ऐसे गुणवत्तापूर्ण कार्यक्रमों का निर्माण एवं प्रसारण कर सकें, जिनमें स्थानीय भाषाओं, लोक परंपराओं, संगीत, साहित्य, रंगमंच और सिनेमा की झलक देखने को मिले।
कलाकारों को सम्मानजनक और सतत आजीविका उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल देते हुए पीपीडी अध्यक्ष ने केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय और अन्य केंद्रीय सांस्कृतिक संस्थानों से आग्रह किया कि वे ऐसे विशेष कार्यक्रम और वित्तीय पहल शुरू करें, जिनसे स्थानीय प्रतिभाओं के लिए लगातार अवसर उत्पन्न हो सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित