श्रीनगर , अगस्त 19 -- जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर से केन्द्रशासित प्रदेश के लिए अमेरिका के उच्चतम-स्तरीय यात्रा परामर्श की समीक्षा करने और उसे वापस लेने का आग्रह किया।

उन्होंने बुधवार को कहा कि इससे घाटी की पर्यटन-आधारित अर्थव्यवस्था को लगातार नुकसान हो रहा है।

सुश्री महबूबा ने पद संभालने के बाद जम्मू-कश्मीर की अपनी पहली यात्रा के दौरान श्री गोर के लिए 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि यह परामर्श क्षेत्र के पर्यटन क्षेत्र के लिए एक बड़ी बाधा बन गई है। उन्होंने लिखा, "भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर कम से कम इतना तो कर ही सकते हैं कि कश्मीर यात्रा के खिलाफ उच्चतम-स्तरीय परामर्श की समीक्षा करें और उसे वापस लें।"अमेरिकी विदेश विभाग ने वर्तमान में जम्मू-कश्मीर को 'लेवल 4: यात्रा न करें' परामर्श के तहत रखा है, सिवाय पूर्वी लद्दाख क्षेत्र और लेह की यात्राओं के। परामर्श में आतंकवाद और नागरिक अशांति से संबंधित चिंताओं का हवाला दिया गया है। इसमें विशेष रूप से क्षेत्र में छिटपुट हिंसा की संभावना का उल्लेख किया गया है, जिसमें श्रीनगर, गुलमर्ग और पहलगाम जैसे पर्यटन स्थल भी शामिल हैं।

सुश्री महबूबा ने परामर्श को केवल एक चेतावनी से कहीं अधिक बताते हुए कहा कि इसने "कश्मीर और दुनिया के बीच एक दीवार" खड़ी कर दी है, ऐसे समय में जब हजारों परिवार अपनी आजीविका के लिए पर्यटन पर निर्भर हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित