सुकमा , मई 11 -- छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी 'महतारी वंदन योजना' ग्रामीण महिलाओं के लिए आर्थिक संबल बनकर उभर रही है। प्रदेश के सुकमा जिले के ग्राम उसकेवाया निवासी हूंगी माड़वी भी इस योजना से लाभान्वित होकर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं।
हूंगी माड़वी ने बताया कि योजना के तहत हर महीने मिलने वाली एक हजार रुपये की सहायता राशि से उनके परिवार की आर्थिक परेशानियां काफी हद तक कम हुई हैं। इस राशि का उपयोग वह बच्चों के पौष्टिक आहार, दैनिक जरूरतों के सामान और घरेलू खर्चों में कर रही हैं। मजदूरी से होने वाली आय के साथ यह सहायता उनके परिवार के जीवनयापन का महत्वपूर्ण आधार बन गई है।
उन्होंने कहा कि अब छोटी-छोटी जरूरतों के लिए किसी के सामने हाथ फैलाने की जरूरत नहीं पड़ती। योजना ने उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है।
हूंगी माड़वी का जीवन लंबे समय से संघर्षों से भरा रहा है। दूरस्थ और पहुंचविहीन क्षेत्र में रहने के कारण उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा लेकिन महतारी वंदन योजना ने कठिन समय में उनके परिवार को सहारा दिया।
प्रदेश सरकार की इस योजना ने न केवल महिलाओं को आर्थिक मजबूती प्रदान की है, बल्कि बच्चों के बेहतर भविष्य की दिशा में भी सकारात्मक प्रभाव डाला है। गांव में हूंगी माड़वी अब स्वावलंबन और महिला सशक्तिकरण की मिसाल बनकर उभरी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित