चंडीगढ़ , मई 26 -- हरियाणा में सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा ने बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, खाद्य पदार्थों और सीएनजी के बढ़ते दामों ने आम जनता के जीवन में मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। महंगाई, बेरोजगारी और मूलभूत सुविधाओं की कमी से लोग परेशान हैं लेकिन सरकार जनता की समस्याओं की अनदेखी कर रही है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि दिसंबर 2023-24 तक पिछले 19 महीनों में कच्चे तेल के दाम करीब 29 प्रतिशत तक घटे लेकिन पेट्रोल-डीजल के दाम कम नहीं किए गए। इस दौरान तेल कंपनियों ने 1.32 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आम आदमी के बजाय कंपनियों के हितों को प्राथमिकता दे रही है।
उन्होंने कहा कि बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी लोग परेशान हैं। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जनता समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी।
सीएनजी की कीमतों पर बोलते हुए सांसद ने कहा कि पिछले 12 दिनों में सीएनजी के दामों में कुल छह रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है। आज फिर से सीएनजी में दो रुपये प्रति किलो दाम बढ़ाए गए। इससे ऑटो चालक, मध्यम वर्ग और रोजाना सफर करने वाले लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से तुरंत कीमतें कम कर राहत देने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित