दुर्ग-भिलाई , मार्च 22 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित भिलाई में आयोजित सहकार भारती के राज्य स्तरीय महिला सहकारिता सम्मेलन में रविवार को प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने शिरकत की। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने महंगाई, गैस सिलेंडर की कीमत, धर्म स्वतंत्रता विधेयक और महतारी वंदन योजना सहित कई अहम मुद्दों पर सरकार का पक्ष रखा।
मंत्री राजवाड़े ने रसोई गैस की बढ़ती कीमतों पर कहा कि इसे केवल महंगाई के नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए। उनके अनुसार, वर्तमान में वैश्विक परिस्थितियों का असर भारत सहित कई देशों पर पड़ रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश मजबूती से इन चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि गैस की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार और बाहरी परिस्थितियों से प्रभावित होती हैं, इसलिए यह स्थिति स्थायी नहीं है।
उन्होंने यह भी जोड़ा कि कठिन समय हर समाज और परिवार के जीवन में आता है, लेकिन महिलाओं में हर परिस्थिति को संभालने की क्षमता होती है।उन्होंने कहा, "थोड़ी परेशानी जरूर है, लेकिन देश सुरक्षित है, यह सबसे बड़ी बात है।"धर्म स्वतंत्रता विधेयक को लेकर उठ रहे सवालों पर मंत्री ने स्पष्ट किया कि यह कानून सर्वसम्मति से पारित हुआ है और इसका उद्देश्य समाज में संतुलन और व्यवस्था बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि सरकार जनहित में निर्णय लेती है, न कि राजनीतिक लाभ के लिए।
प्रदेश में अवैध अफीम की खेती के मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए मंत्री ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी राजनीतिक दल का व्यक्ति इसमें शामिल पाया जाता है, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित