बैतूल , मई 12 -- बहुजन मुक्ति पार्टी (बीएमपी) ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और जनविरोधी फैसलों के विरोध में आज से राष्ट्रव्यापी चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया। आंदोलन के पहले चरण के तहत मध्यप्रदेश के बैतूल में स्मार्ट बिजली मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों के खिलाफ प्रदर्शन कर प्रशासन को प्रतीकात्मक रूप से लालटेन भेंट की गई।

पार्टी सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय परिवर्तन मोर्चा के राष्ट्रीय संयोजक वामन मेश्राम के नेतृत्व में यह अभियान देशभर में चलाया जा रहा है। बैतूल में डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक स्थित नेहरू पार्क सदर में दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक धरना प्रदर्शन किया गया। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन कलेक्टर के माध्यम से सौंपा गया।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था और बिजली दरों में वृद्धि से आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। विरोध स्वरूप जिलाधिकारी को लालटेन भेंट कर नाराजगी जताई गई।

आंदोलन में प्रदेश महासचिव जनार्दन पाटिल, जिला प्रभारी सुखराम निरापुरे, प्रदेश उपाध्यक्षा पुष्पा मर्सकोले सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। दुर्गा वार्ड की महिलाओं ने क्षेत्र में बिजली कनेक्शन नहीं मिलने की शिकायत भी प्रशासन को सौंपी।

पार्टी ने बताया कि आंदोलन के दूसरे चरण में 20 मई को "चूल्हा जलाओ आंदोलन" आयोजित किया जाएगा, जिसमें रसोई गैस की बढ़ती कीमतों का विरोध किया जाएगा। वहीं तीसरे चरण में 31 मई को "दे धक्का आंदोलन" के तहत पेट्रोल और डीजल की बढ़ी कीमतों के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित