देहरादून , जुलाई 17 -- उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह एवं चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ हरक सिंह रावत ने संयुक्त रूप से गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया।

श्री गोदियाल ने कहा कि जिस देश में महंगाई चरम पर है। आम आदमी के घर में दो वक्त का चूल्हा भी जलना मुश्किल हो रहा है, उस समय प्रधानमंत्री मोदी के लिए दीप जलाने और अपने आपको उनका सच्चा भक्त दिखाने के होड़ लगी हुई है। हज़ारो टन तेल की आहुति देने को नेता तैयार हैं। अगर ये दीपक देश की जनता उनके कामो से ख़ुश होकर जलाती तो बात अलग थी। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के युवाओं के साथ छल करने का काम प्रधानमंत्री ने किया है। उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना स्थायी रोजगार के अवसरों को सीमित करने वाली योजना है। देश के लाखों युवा सेना में स्थायी नौकरी की उम्मीद लेकर भर्ती की तैयारी करते हैं, लेकिन अग्निवीर व्यवस्था में अधिकांश युवाओं का सैन्य करियर चार वर्ष बाद समाप्त हो जाता है।

चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ रावत ने कहा कि केवल अलग-अलग विभागों में आरक्षण अथवा प्राथमिकता की घोषणा पर्याप्त नहीं है। उत्तराखंड सैन्य बाहुल्य राज्य है। यहाँ हर घर में एक सैनिक है। जब यहाँ कोई शहीद होता है तो उसकी माता पिता बहन सब गौरवान्वित महसूस करते हैं। अग्निवीर योजना देश के और प्रदेश के युवाओं की भावनाओं के साथ खेलने जैसा है। सेना की भर्ती को रोजगार के आंकड़े सुधारने का माध्यम न बनाया जाए। उन्होंने कहा कि जिन युवाओं ने वर्षों तक सेना में स्थायी भर्ती की तैयारी की, उनके लिए भर्ती व्यवस्था को अचानक बदलना उनके भविष्य के साथ अन्याय है। उन्होंने राज्य के युवाओं के लिए सेना में नियमित भर्ती के पर्याप्त अवसर सुनिश्चित करने, अग्निवीरों के पुनर्वास की विशेष नीति बनाने और सेवा से बाहर होने वाले युवाओं के लिए 'रिहैबिलिटेशन पैकेज' की घोषणा करने की मांग की।

कांग्रेस सैनिक विभाग के अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी ने कहा कि पहले अस्सी हजार प्रति साल युवाओं को रोजगार मिलता था जो अब घट कर 47 हजार रह गए हैं। जिसमे अगर सिर्फ 25 फीसदी को अब्सोर्ब करेंगे तो इसका मतलब ये हुआ कि सिर्फ 12 हजार युवा प्रति वर्ष स्थाई नौकरी पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश की मजबूत सेना और युवाओं के सम्मानजनक रोजगार दोनों के पक्ष में है। हमारा विरोध सेना या सैनिकों से नहीं, बल्कि ऐसी भर्ती व्यवस्था से है जो युवाओं के भविष्य को अनिश्चित बनाती है।

इस दौरान पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, महिला प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला, प्रदेश प्रवक्ता डॉ प्रतिमा सिंह आदि उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित