चंडीगढ़ , अगस्त 05 -- हरियाणा के सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा ने बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी को लेकर केंद्र और हरियाणा सरकार पर निशाना साधा और कहा कि आवश्यक वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों और रोजगार के सीमित अवसरों ने गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। सरकार को राजनीतिक दावों के बजाय महंगाई और रोजगार जैसे मूलभूत मुद्दों पर ठोस कदम उठाने चाहिए।
कुमारी सैलजा ने बुधवार को कहा कि उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के प्राइस मॉनिटरिंग सिस्टम के अनुसार पिछले करीब पांच महीनों में खाद्य तेल, दाल, दूध और चीनी सहित कई जरूरी वस्तुओं के दाम बढ़े हैं। उनका कहना था कि सीमित आय वाले परिवारों पर इन बढ़ी हुई कीमतों का सीधा असर पड़ रहा है, जबकि शिक्षा, स्वास्थ्य, किराया, बिजली-पानी और परिवहन का खर्च भी लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्थायी सरकारी नौकरियों के अवसर घट रहे हैं और नियमित पदों के स्थान पर अनुबंध आधारित नियुक्तियों का चलन बढ़ा है। उच्च शिक्षित और पीएचडी धारक युवाओं को भी कम वेतन पर अनुबंध के आधार पर काम करना पड़ रहा है, जो चिंताजनक है। युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप सम्मानजनक और स्थायी रोजगार मिलना चाहिए।
सांसद सैलजा ने मांग की कि सरकार आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों पर प्रभावी निगरानी रखे जमाखोरी और मुनाफाखोरी पर सख्त कार्रवाई करे तथा सरकारी विभागों के रिक्त पदों पर नियमित और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया तेज करे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महंगाई, बेरोजगारी और युवाओं के सम्मानजनक रोजगार के मुद्दे पर जनता की आवाज उठाती रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित