चंडीगढ़ , मार्च 26 -- हरियाणा में सिरसा सीट से सांसद कुमारी सैलजा ने कहा है कि केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों के कारण आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।

उन्होंने बताया कि ईरान-अमेरिका तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया है, जिससे पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और खाद महंगे हो रहे हैं। सुश्री सैलजा ने सरकार से संतुलित विदेश नीति और मजबूत घरेलू प्रबंधन अपनाने की मांग की, ताकि महंगाई पर नियंत्रण रखा जा सके। उन्होंने हरियाणा में रसोई गैस की किल्लत को गंभीर बताते हुए कहा कि बढ़ती कीमतों के बावजूद कालाबाजारी पर रोक नहीं लग पा रही और आपूर्ति भी प्रभावित है। उन्होंने कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी से होटल, ढाबे, रेस्तरां और अन्य व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं। सिलेंडर बुकिंग और डिलीवरी में देरी से आम लोगों और व्यापारियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार से तुरंत कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति बहाल करने और वितरण व्यवस्था सुधारने की अपील की। उन्होंने कहा कि शादी-विवाह जैसे आयोजनों के लिए लोगों को गैस सिलेंडर पाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जो चिंताजनक है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित