भोपाल , मई 20 -- मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों, मंत्रियों के प्रदर्शन मूल्यांकन, ट्विशा शर्मा संदिग्ध मृत्यु प्रकरण, महाकाल मंदिर भूमि मामले और यूसीसी समिति की बैठक को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
मीडिया से चर्चा करते हुए श्री सिंघार ने कहा कि मध्यप्रदेश में पेट्रोल-डीजल पर अधिक वैट और अतिरिक्त कर लगाए जाने से जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश और उत्तरप्रदेश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगभग 12 रुपये प्रति लीटर तक का अंतर है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विदेश यात्राओं का उल्लेख करते हुए कहा कि एक ओर जनता महंगाई से परेशान है, वहीं दूसरी ओर सरकार आम लोगों पर खर्च कम करने का दबाव बना रही है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा मंत्रियों के प्रदर्शन मूल्यांकन की पहल पर टिप्पणी करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार को कानून व्यवस्था, महिला अपराध, आदिवासियों पर हिंसा और माफिया गतिविधियों जैसे मुद्दों पर भी जनता के सामने जवाब देना चाहिए।
ट्विशा शर्मा संदिग्ध मृत्यु मामले में उन्होंने कहा कि यदि परिवार दोबारा पोस्टमार्टम की मांग कर रहा है तो सरकार को मामले में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करनी चाहिए।
उज्जैन में महाकाल मंदिर परिसर की भूमि से जुड़े मुद्दे पर श्री सिंघार ने आरोप लगाया कि आस्था और धार्मिक स्थलों को भूमि कारोबार का माध्यम बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महाकाल मंदिर श्रद्धा का केंद्र है और इससे जुड़े मामलों में पारदर्शिता आवश्यक है।
यूसीसी समिति की बैठक को लेकर उन्होंने कहा कि यह संवेदनशील विषय है और इस पर व्यापक सामाजिक एवं संवैधानिक विमर्श होना चाहिए। उन्होंने विभिन्न वर्गों, सामाजिक संगठनों और विशेषज्ञों की राय लेने की आवश्यकता बताई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित