बिलासपुर , मार्च 12 -- छत्तीसगढ़ में बिलासपुर जिले के मस्तूरी विकासखंड के प्राथमिक विद्यालयों में शराब पीकर स्कूल आने के मामलों पर जिला शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए गुरुवार को दो सहायक शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
पहला मामला जुनवानी ग्राम पंचायत स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय का है, जहां निरीक्षण के दौरान शिक्षक संदीप रात्रे को नशे की हालत में पाया गया। जांच में पाया गया कि वह अक्सर बिना सूचना स्कूल नहीं आते और पढ़ाई में व्यवधान उत्पन्न करते हैं। ग्रामीणों की शिकायत के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी ने मामले की जांच की और रिपोर्ट के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी ने संदीप रात्रे को निलंबित कर, उनके मुख्यालय को शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दर्रीघाट में स्थानांतरित किया।
दूसरा मामला कुकुर्दीकला स्थित पीएमश्री शासकीय प्राथमिक विद्यालय का है। यहां शिक्षक उत्तम कुमार कंवर पर शराब पीकर स्कूल आने की शिकायत मिली। स्पष्टीकरण में उन्होंने अपनी गलती स्वीकार की। बीईओ की रिपोर्ट के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी ने उन्हें भी निलंबित कर दिया।
शिक्षा अधिकारियों ने बताया कि जिले में इससे पहले भी 14 से अधिक शिक्षकों को इसी कारण निलंबित किया जा चुका है लेकिन कुछ शिक्षक अब भी अपनी आदतें सुधार नहीं रहे हैं। विभाग ने साफ संदेश दिया है कि पढ़ाई और अनुशासन पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित